Trending

The Insiders: कलेक्टर साहब का नाइट शिफ्ट फरमान, बड़े साहब की क्लास में प्रमोटियों पर गाज, सीईओ मैडम का इस्तीफा दांव पड़ा उल्टा, और मंत्री-सांसद की ‘कुर्सी रार’!

द इनसाइडर्स में इस बार पढ़िए नवंबर-दिसंबर में शहनाई की गूंज के बीच ब्यूरोक्रेसी के परिणय सूत्र की दास्तान

कुलदीप सिंगोरिया@9926510865
भोपाल | चातुर्मास की चार माह की योगनिद्रा त्यागकर जब सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु देवउठनी एकादशी को जागते हैं, तो माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के दिव्य विवाह के साथ ही सनातन परंपरा में मांगलिक कार्यों और शादियों का शुभ मौसम शुरू हो जाता है। अब चारों ओर शहनाइयां बजेंगी और बैंड-बाजे के साथ बारातें भी निकलेंगी। मशहूर गीत है—“आज मेरे यार की शादी है…” और पुरानी कहावत भी यही कहती है कि ‘शादी का लड्डू जो खाए वो भी पछताए, और जो न खाए वो भी पछताए!’

हमारे शास्त्रों और ऋग्वेद के प्रसिद्ध ‘विवाह सूक्त’ में भी इस पवित्र बंधन की महिमा गाते हुए कहा गया है—“गृभ्णामि ते सौभगत्वाय हस्तं मया पत्या जरदष्टिर्यथासः” (अर्थात मैं सौभाग्य और समृद्धि के लिए तुम्हारा हाथ थामता हूं, ताकि तुम मेरे साथ दीर्घायु और सुखी जीवन व्यतीत कर सको)। इसी संकल्प के साथ अब हमारे युवा आईएएस-आईपीएस (IAS-IPS-IFS) अफसरों की जोड़ियां भी परिणय सूत्र में बंधने को बेकरार हैं। नवंबर और दिसंबर के इस सीजन में प्रदेश के चार अफसरों के घरों में शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। यही नहीं, कई सीनियर आईएएस-आईपीएस भी इन दिनों फाइलों का बोझ किनारे रखकर अपने बच्चों की शादियों की तैयारियों में व्यस्त हैं। इस पूरी ‘ब्यूरोक्रेटिक बारात’ की सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां शादियां पारंपरिक जाति व धर्म की दीवारों को तोड़कर होती हैं। हालांकि, यहां पुरानी जातियां तो टूट जाती हैं, लेकिन अफसर के रूप में नई और बेहद पावरफुल जाती का उद्भव जरूर हो जाता है!

प्रेम निस्संदेह इस संसार की सबसे पवित्र भावना है। लेकिन हमारे प्रशासनिक गलियारों में बहुत कम ही ऐसे आईएएस होंगे जो अपने स्कूल या कॉलेज के दिनों के निश्छल प्रेम को विवाह की मंजिल तक परवान चढ़ा पाते हैं—वह भी केवल तब, जब सामने वाला भी उतना ही सक्षम हो! कड़वा सच यह है कि लाल बत्ती और पद मिलते ही ज्यादातर अफसर प्रेम से ज्यादा ‘हैसियत’ और ‘दहेज’ की तगड़ी फिराक में जुट जाते हैं। इनका प्रेम भी अब हैसियत के तराजू पर तुलता है—या तो किसी बड़े नेता की बेटी, या किसी रसूखदार उद्योगपति का घराना, या फिर अपने ही समकक्ष किसी आईएएस व अन्य शीर्ष सेवा की अधिकारी में ही इन्हें ‘सच्चा प्रेम’ नजर आता है। यही वजह है कि विवाहोपरांत ऐसे रिश्ते प्रेम कम और सत्ता व सुविधा का ‘समझौता’ ज्यादा साबित होते हैं। वैसे भी, अधिकारियों का वैवाहिक जीवन अपनी संगिनी के साथ असल में कैसा कटता है, इसका पूरा कच्चा-चिट्ठा हमने अपनी पूर्व की सीरीज में विस्तार से बताया है। इसलिए परिणय सूत्र में बंधने जा रहे नए अफसरों से हमारा विनम्र अनुरोध है कि वे एक बार हमारी वह सीरीज जरूर पढ़ें। वहीं, इन शादियों की शान-शौकत और राजसी ठाठ-बाट ऐसा कि बड़े-बड़े रईस भी शरमा जाएं! ऐसे में आम आदमी के मन में यह सवाल उठना लाजिमी है कि सरकारी तनख्वाह में भला यह करोड़ों का शाही पैसा आता कहां से है? काश, समाज के रोल मॉडल कहलाने वाले इन अफसरों की शादियों में थोड़ी सादगी होती, तो पूरे समाज को एक सच्ची प्रेरणा मिलती। बहरहाल, नए जोड़ों को ‘द इनसाइडर्स’ परिवार की ओर से बहुत-बहुत मुबारकबाद। तो आइए, शुरू करते हैं किस्सागोई और गुदगुदाने वाले अंदाज में आज का ‘द इनसाइडर्स’…

पिछला किस्सा पढ़ें : The Insiders: ब्यूरोक्रेसी में AI का खौफ, हिंदी का नया फरमान पर चैटजीपीटी से अंग्रेजी लिख रहे IAS; कागज खरीदी पर भिड़े दो अफसर, IFS ने फिर छेड़ा तबादला राग!

नवबंर-दिसंबर में गूंजेगी ब्यूरोक्रेसी की शहनाई, अफसर बिरादरी में ही जुड़ेंगे दिलों के तार!

जैसा कि हमने शुरुआत में ही जिक्र किया था कि हमारी नौकरशाही में पारंपरिक जाति और धर्म की दीवारें तो टूट जाती हैं, लेकिन शादी-ब्याह के लिए अपनी ही ‘अफसर बिरादरी’ का दायरा पहली पसंद रहता है। इसकी ताजा बानगी नवंबर-दिसंबर में देखने को मिलेगी, जब मध्य प्रदेश की प्रशासनिक और पुलिस सेवाओं के चार आईएएस और दो आईपीएस अधिकारी परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। इस शाही ‘ब्यूरोक्रेटिक वेडिंग’ सीजन में इंदौर नगर निगम के दो अपर आयुक्त भी शामिल हैं। पहली जोड़ी प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से है। यहां नगर निगम के अपर आयुक्त और स्मार्ट सिटी की कमान संभाल रहे 2021 बैच के युवा IAS अफसर (जिन्होंने UPSC में 16वीं रैंक हासिल की थी) का विवाह 2025 बैच की एक महिला IAS अधिकारी से तय हुआ है, जो फिलहाल पड़ोसी जिले धार में सहायक कलेक्टर के रूप में पदस्थ हैं। दूसरी चर्चा इंदौर नगर निगम के ही एक अन्य अपर आयुक्त (2022 बैच के IAS) की है, जिनकी जीवनसाथी गुजरात कैडर की 2024 बैच की एक तेजतर्रार महिला IPS बनने जा रही हैं। खास बात यह है कि ये महिला IPS उत्तराखंड के एक पूर्व DGP की सुपुत्री हैं और खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुकी हैं—जिनके नाम 56 राष्ट्रीय और 19 अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हैं। चर्चा है कि शादी के बाद वे अपना कैडर बदलकर मध्य प्रदेश आ सकती हैं। तीसरी जोड़ी महाकौशल के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट से बन रही है। यहां जिला पंचायत सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहीं 2022 बैच की एक महिला IAS अधिकारी, 2024 बैच के एक युवा IPS अफसर के साथ सात फेरे लेंगी। दिलचस्प संयोग यह है कि दोनों ही अधिकारी एक ही जिले (बालाघाट) में पदस्थ हैं और दोनों का गृह राज्य भी राजस्थान ही है। बहरहाल, हमें अभी इन्हीं चर्चित जोड़ियों की पक्की सूचना प्राप्त हुई है। सियासत और ब्यूरोक्रेसी के गलियारों से जैसे ही बाकी शादियों की खबर हाथ लगेगी, हम अपने पाठकों तक जरूर पहुंचाएंगे!

यह  अंक पढ़ें : The Insiders: 3 पत्नियों वाले ओएसडी विवादों में घिरे, नए एसपी पर शहादत का फिर लगा कलंक; किसके दबाव में हैं ‘बड़े साहब’? सरकार ने कहा-एडीजी से भार कम करो

नंबर-1 की रेस के लिए कलेक्टर साहब का इवनिंग शिफ्ट का फरमान, दांव पर लगी कर्मचारियों की जान!

अफसरशाही में जब ‘नंबर-1’ बनने की होड़ सवार होती है, तो सबसे पहले आम कर्मचारियों का चैन और सुरक्षा बलि चढ़ती है। ताजा मामला नर्मदापट्टी के एक जिले का है, जहां हाल ही में कमान संभालने वाले एक नए-नवेले कलेक्टर साहब ने आते ही अपना ‘वर्कोहोलिक’ अंदाज दिखाना शुरू कर दिया है। साहब ने फरमान जारी किया है कि 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को बंद करने के लिए लेवल-1 के अधिकारी रोस्टर के अनुसार रोजाना दफ्तर के समय के बाद शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठकर काम करें। साहब की मंशा तो शिकायतों के निपटारे की होगी, लेकिन इस तुगलकी टाइम-टेबल ने ग्रामीण इलाकों से आने वाले कर्मचारियों के पसीने छुड़ा दिए हैं। दिनभर की भागदौड़ के बाद रात 8 बजे तक मुख्यालय में रुकना और फिर अंधेरी ग्रामीण सड़कों पर मीलों का सफर तय कर घर लौटना किसी खतरे से खाली नहीं है। इसकी भयावह बानगी हाल ही में उसी अंचल के एक जिले में देखने को मिली, जहां किसी योजना का लक्ष्य पूरा करने के दबाव में रात 9:30 बजे दफ्तर से घर लौट रहे तहसील के एक कंप्यूटर ऑपरेटर की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक मासूम बच्ची के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया और पूरे महकमे में देर रात तक काम कराने को लेकर भारी आक्रोश फैल गया। कलेक्टर साहब को यह समझना होगा कि एक कुशल प्रशासक की असली पहचान यह है कि वह शासन द्वारा निर्धारित दफ्तर के समय (10 से 6) में ही अपनी टीम से बेहतरीन काम ले। यदि आप तय समय में काम नहीं करवा पा रहे हैं, तो यह कर्मचारियों की सुस्ती नहीं, बल्कि आपके खुद के प्रशासनिक कौशल और प्रबंधन की कमी है। महज रैंकिंग सुधारने के लिए कर्मचारियों की मानसिक सेहत और उनकी जिंदगी को दांव पर लगाना कतई समझदारी नहीं है—क्योंकि फाइलों के आंकड़े तो फिर भी सुधर जाएंगे, लेकिन किसी घर का बुझा हुआ चिराग दोबारा नहीं जल सकता!

यह अंक पढ़ें – The Insiders: बड़े साहब जेन-जी के आगे नतमस्तक, सीनियर आईपीएस ने बड़े कप्तान को बनाया मोहरा; धाकड़ एसपी की आमद से दहशत, साउथ लॉबी को सीएम का कड़ा संदेश

राज्य हम्माल सेवा को लताड़, और आरआर का बचा इकबाल!

मध्य प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में ‘समानता’ सिर्फ किताबों तक ही सीमित है, असलियत में यहां भी ‘कुल’ और ‘कैडर’ देखकर ही फटकार बंटती है! सूबे के प्रशासनिक मुखिया यानी ‘बड़े साहब’ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागायुक्तों और कलेक्टरों की ‘गुड गवर्नेंस’ की क्लास ली, तो इसका नजारा साफ दिखा। स्वामित्व योजना के अधिकार पत्रक, नि:शुल्क रजिस्ट्री और सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में ग्वालियर, चंबल, रीवा और शहडोल संभाग के कई जिले फिसड्डी निकले। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन में पिछड़ने पर ‘बड़े साहब’ का पारा चढ़ा, लेकिन गुस्से का सारा ठीकरा केवल उन अफसरों पर फूटा जो प्रमोटी हैं—यानी जिन्हें नौकरशाही में ‘राज्य हम्माल सेवा’ से आया माना जाता है! सूत्रों के मुताबिक, ‘बड़े साहब’ ने प्रमोटी संभागायुक्त महोदय को सीधे निशाने पर लेते हुए दो-टूक कहा कि “आप ध्यान नहीं दे रहे हैं, यदि देते तो यह स्थिति नहीं रहती।” इसके बाद चंबल अंचल के एक प्रमोटी कलेक्टर ने जब “15 दिन में प्रगति हासिल कर लेंगे” का रटा-रटाया जवाब दिया, तो ‘बड़े साहब’ ने तल्ख लहजे में टोक दिया—“ऐसा मत कहो, यहां आश्वासन नहीं, काम की प्रगति पर बात हो रही है।” अब वल्लभ भवन के गलियारों में चटखारे इस बात पर लिए जा रहे हैं कि कई पैमानों पर तो ‘आरआर’ (सीधी भर्ती वाले असली आईएएस) कमिश्नर और कलेक्टर भी पिछड़े थे, लेकिन वे डांट से साफ बच निकले। वाकई, ब्यूरोक्रेसी में ‘असली’ और ‘प्रमोटी’ का यह भेद भी गजब है—जहां काम न होने पर भी सीधी भर्ती वालों का ‘इकबाल’ बुलंद रहता है, और प्रमोटी अफसरों को ‘हम्माली’ के साथ-साथ फटकार भी झेलनी पड़ती है!

यह अंक पढ़ें : The Insiders: नवरात्र में प्रमोटी अफसरों को मिली शक्ति, महिलाओं से टकरा गए एसपी साहब, रिटायरमेंट के बाद भी मंत्री को कट दिया, हुई साहब की वापसी

प्रमोटियों का डंका, नाक बचाने को आखिरी वक्त में जोड़ा ‘आरआर’ का नाम!

हम अक्सर राज्य प्रशासनिक सेवा—जिसे नौकरशाही के गलियारों में प्यार से ‘राज्य हम्माल सेवा’ कहा जाता है—के साथ होने वाले सौतेले व्यवहार की चर्चा करते रहे हैं। विडंबना देखिए कि इस सेवा से प्रमोट होकर आईएएस बन जाने के बाद भी इन अफसरों के माथे से ‘प्रमोटी’ होने का ठप्पा नहीं मिटता और कदम-कदम पर भेदभाव पीछा नहीं छोड़ता। मगर कभी-कभी मेहनत का ‘परचम’ कुछ ऐसा लहराता है कि ‘असली’ यानी सीधी भर्ती (RR) वालों को भी अपनी लाज बचाने के लिए जुगाड़ लगाना पड़ जाता है! ऐसा ही एक दिलचस्प वाकया हाल ही में देखने को मिला। अक्टूबर में दिल्ली के एक बड़े आयोजन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर मध्य प्रदेश के चार जिलों के कलेक्टरों का चयन हुआ। मजे की बात यह थी कि ये चारों ही कलेक्टर ‘राज्य हम्माल सेवा’ से प्रमोट होकर बने आईएएस निकले! अब भला दिल्ली के मंच पर शत-प्रतिशत बाजी प्रमोटी अफसर मार ले जाएं, यह बात ‘आरआर’ लॉबी को कैसे हजम होती? बस फिर क्या था—तय तारीख से महज दो दिन पहले वल्लभ भवन से आनन-फानन में एक और संशोधित पत्र जारी हुआ और नाक बचाने के लिए लिस्ट में एक पांचवें जिले के कलेक्टर का नाम भी जोड़ दिया गया। यह साहब ‘आरआर’ कैडर के थे। हालांकि, डैमेज कंट्रोल का सबसे गुदगुदाने वाला पहलू यह रहा कि जिन नए ‘आरआर’ कलेक्टर साहब को सम्मान की इस लिस्ट में घुसाया गया, उन्होंने तो जिले में अभी-अभी कुर्सी संभाली ही थी—यानी उस उत्कृष्ट प्रदर्शन में उनका रत्ती भर भी योगदान नहीं था! असल में, जिस पूर्व कलेक्टर की मेहनत से वह जिला अव्वल आया था, वे भी प्रमोटी आईएएस ही थे, जिन्हें हाल ही में वहां से हटाया गया था। यानी कागजों पर चाहे जितने नाम जोड़ लिए जाएं, मैदान पर तो परचम प्रमोटियों ने ही फहराया!

यह  अंक पढ़ें : The Insiders: एसीएस की डिजिटल कुंडली में सैकड़ों करोड़ का पोर्टफोलियो, राजधानी में महफिल रंगीन करने आ जाते हैं सीनियर आईपीएस, बड़े साहब को फिर लगेगा झटका

मंच से गायब हुई सांसद की कुर्सी

सियासत में कभी-कभी एक ‘कुर्सी’ न मिलना भी बड़े सियासी भूचाल का संकेत दे जाता है। हाल ही में रायसेन जिले के एक सरकारी उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां सत्ताधारी दल के एक मंत्री और क्षेत्रीय सांसद के बीच लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान खुलकर मंच पर आ गई। कार्यक्रम में पहुंचे सांसद महोदय को मंच पर जगह ही नहीं मिली। नाराज सांसद ने मौके पर मौजूद तहसीलदार से सीधे सवाल दाग दिया कि “जब मंच पर जगह ही नहीं देनी थी, तो बुलाया क्यों था?”। उन्होंने अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम का लिखित जवाब भी मांगा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सांसद का आरोप है कि प्रशासन ने प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया, जबकि प्रशासन ने पल्ला झाड़ लिया और मंत्री जी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दिलचस्प समीकरण यह है कि दोनों ही नेता एक पूर्व मुख्यमंत्री की ही जाति से संबंध रखते हैं—जहां मंत्री जी वर्तमान सत्ता के निकट माने जाते हैं, वहीं सांसद की नजदीकी पूर्व मुख्यमंत्री के खेमे से जुड़ी है। बहरहाल, यह ‘मंच वाली रार’ अब भोपाल में प्रदेश नेतृत्व तक जा पहुंची है।

यह अंक पढ़ें – The Insiders: देश के नंबर एक उद्योगपति से रिश्वत की डिमांड, एमडी से पीड़ित अफसर करवा रहे ट्रांसफर, कर्नाटक के आईएएस की जोड़ी ने रची पोषण आहार घोटाले की पटकथा

दागी‘ होकर लौटे तो मिले तीन-तीन ताज, इंजीनियर साहब का ‘सुपरसोनिक’ रसूख!

सरकारी महकमों में कहावत है—“सैंया भये कोतवाल तो अब डर काहे का!” नर्मदा के प्राधिकरण में तो यह कहावत भी छोटी पड़ गई है।यहां रसूख का जादू ऐसा चला कि जिस इंजीनियर साहब को पांच महीने पहले शिकायतों के चलते मूल विभाग वापस भेजा गया था, वे न केवल बाइज्जत लौटे, बल्कि महज 24 घंटे के भीतर तीन-तीन मलाईदार कुर्सियों पर काबिज हो गए! हुआ यूं मूल विभाग में पहुंचने के बाद पहले जुलाई में प्रमोशन पाया, और फिर महज चार महीने बाद अक्टूबर में दोबारा उसी प्राधिकरण में धमाकेदार एंट्री मार ली। असली ‘चमत्कार’ नवंबर में हुआ। पहले दिन उन्हें नर्मदापट्‌टी के एक जिले की दो योजनाओं कार्यपालन यंत्री बनाया गया। अगले ही दिन यानी 24 घंटे में उन पर ऐसी कृपा बरसी कि निमाड़ के एक मंडल के प्रभारी अधीक्षण यंत्री के साथ-साथ ठीक उसी संभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया गया, जहां से वे हटाए गए थे! इस ‘म्यूजिकल चेयर’ में बेचारी साबित हुईं वे महिला अधिकारी, जो पांच महीने से वह संभाग संभाल रही थीं। अब वे अपनी कुर्सी बचाने के लिए गुहार लगा रही हैं। वाकई, नर्मदा के पानी से तेज तो साहब का रसूख बहता है—जहां शिकायतें ‘सजा’ नहीं, ‘तीन-तीन ताज’ की सीढ़ी बन जाती हैं!

यह अंक पढ़ें : The Insiders: सागर शराब कांड में यादव जी का डिस्लरी कनेक्शन, सिर्फ एक दिन से डीजीपी की दौड़ में शामिल हैं आईपीएस, दक्षिण से बिहार शिफ्ट हो रहा पावर सेंटर, 250 करोड़ का जादूगर आईएएस

पूर्व एसपी साहब का स्टेटस- ईश्वर के घर देर है अंधेर नहीं

वक्त का पहिया जब घूमता है, तो बड़े-बड़ों के हिसाब बराबर कर देता है। इसकी ताजा गूंज मध्य प्रदेश पुलिस के गलियारों में एक ‘वॉट्सऐप स्टेटस’ के जरिए सुनाई दे रही है। हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले चुके एक पूर्व आईपीएस अधिकारी ने स्टेटस पर लिखा—“ईश्वर के घर देर है, अंधेर नहीं”—और पूरे महकमे में कानाफूसी शुरू हो गई! भले ही पूर्व एसपी साहब इसे अपना सामान्य ‘दार्शनिक’ अंदाज बता रहे हों, लेकिन टाइमिंग देखिए—यह स्टेटस ठीक उसी दिन लगा, जिस दिन सिवनी जिले के एएसपी को युवक-युवती के बैग में गांजा रखने की धमकी वाले वायरल वीडियो के बाद सस्पेंड किया गया। दरअसल, इसके पीछे साल 2025 के चर्चित ‘हवाला कांड’ का दर्द छिपा है। उस वक्त ये पूर्व आईपीएस जिले के कप्तान थे, लेकिन कांड वाली रात वे भोपाल की कॉन्फ्रेंस में थे और कमान इन्हीं एएसपी के हाथों में थी। विडंबना देखिए कि जिले से बाहर होने और खुद ही दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई शुरू करने के बावजूद, ‘पर्यवेक्षणीय लापरवाही’ का ठीकरा कप्तान के सिर भी फोड़ दिया गया। इसी सिस्टम से आहत होकर उन्होंने नौकरी के चार साल बाकी रहते ही वर्दी को अलविदा कह दिया था। आज जब उसी दौर के एएसपी पर ‘गांजा कांड’ की गाज गिरी है, तो पूर्व कप्तान का यह स्टेटस हर पुलिसकर्मी के लिए सीख है—कि सत्ता की आड़ में किया गया हर ‘खेल’ एक दिन जरूर बेनकाब होता है, क्योंकि ऊपर वाले की लाठी में आवाज नहीं होती!

यह अंक पढ़ें :The Insiders: IPS की खुशामदीद आई काम, मिली धांसू पोस्टिंग, आईएएस की पत्नी का सीएसआर का फंडा, पीपुल्स ऑफिसर के अवतार में आईएएस, रील्स की बाढ़ में बहे नेताजी, पूर्व आईएएस के भाई ने रची मैडम को हटाने की साजिश

सीईओ मैडम को इस्तीफे की धमकी का खेल पड़ा उल्टा

ब्यूरोक्रेसी में कभी-कभी अपना ही चलाया दांव उल्टा पड़ जाता है। इन दिनों युवाओं के रोजगार से जुड़े एक मिशन की सीईओ मैडम के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है, जो पिछले कुछ समय से महकमे में ‘इस्तीफा-इस्तीफा’ खेल रही थीं! दरअसल, प्रदेश में उनकी नियुक्ति से युवाओं को कितना रोजगार मिला, यह तो शोध का विषय है, लेकिन उनकी कार्यप्रणाली पर हमेशा सवाल जरूर उठे। पहले जब तत्कालीन कमिश्नर साहब से उनकी खूब छनती थी, तब सचिव महोदय से पटरी न बैठने पर मैडम ने इस्तीफे का ब्रह्मास्त्र चलाया—और कमिश्नर साहब ने मान-मनौव्वल कर उसे वापस भी करवा दिया। लेकिन किस्मत का खेल देखिए, कमिश्नर साहब का तबादला हो गया और नए कमिश्नर से भी मैडम की ट्यूनिंग नहीं बैठ पाई। लिहाजा, पुराने आजमाए हुए नुस्खे पर भरोसा कर मैडम ने गुस्से में फिर इस्तीफा दे मारा! मगर इस बार दांव उल्टा पड़ गया। पहले से खफा बैठे सचिव महोदय ने मौका लपक लिया और अब इस्तीफा वापस लेने ही नहीं दिया जा रहा। बहरहाल, विदाई तय दिखने के बावजूद मैडम अभी भी अपने तरकश के आखिरी तीरों से कुर्सी बचाने की जुगत में लगी हैं!

 यह किस्सा पढ़ें : The Insiders: सीनियर आईपीएस पर सरकार की कृपा बरसी, दो आईएएस में हुई जोरदार भिडंत, आईएफएस की नजर में आप हैं दिमागी नक्सल

पड़ोसी राज्य के पूर्व कप्तान क्यों खोल रहे पोल

कहते हैं घर की सफाई के लिए जब घर के मुखिया आंखें मूंद लें, तो पड़ोसी की छत से पत्थर आना लाजिमी हो जाता है! इन दिनों मध्य प्रदेश पुलिस महकमे में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। सुर्खियों में हैं पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के एक पूर्व आईपीएस अधिकारी, जो आजकल सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश पुलिस के कारनामों के वीडियो अपलोड कर खाकी का जमकर भंडाफोड़ कर रहे हैं। यूं तो ये रिटायर्ड साहब देशभर के तमाम ज्वलंत मुद्दों पर अपनी बेबाक कलम चलाते रहे हैं, लेकिन अचानक उनकी पैनी नजर मध्य प्रदेश की तरफ क्यों घूम गई, इसे लेकर पुलिस मुख्यालय के गलियारों में तरह-तरह की अटकलें लग रही हैं। कुछ जानकारों का मानना है कि छत्तीसगढ़ बनने से पहले अविभाजित मध्य प्रदेश में अपनी नौकरी के शुरुआती दिनों के पुराने लगाव और नेटवर्क की वजह से साहब को यहां की हर खबर ‘इनसाइड’ से मिल रही है; तो वहीं कुछ इसे महज सामाजिक सरोकार या किसी अन्य सियासी-प्रशासनिक समीकरण से जोड़कर देख रहे हैं। बहरहाल, वजह चाहे जो भी हो, यह कड़वा सच है कि खाकी के दामन पर दाग तो हमेशा से ही लगते रहे हैं। लेकिन यहां सबसे बड़ा और चुभता हुआ सवाल यह है कि सूबे के सबसे ‘ईमानदार’ कहलाने वाले बड़े कप्तान को आखिर अपने ही महकमे के ये बदनुमा दाग क्यों नजर नहीं आ रहे? क्या पुलिस मुख्यालय का अपना इंटेलिजेंस और निगरानी तंत्र इतना सुस्त पड़ गया है कि महकमे की गंदगी साफ करने के लिए अब छत्तीसगढ़ के एक रिटायर्ड आईपीएस की सोशल मीडिया पोस्ट का इंतजार करना पड़ रहा है? वाकई, जब तक पोस्ट वायरल न हो और फजीहत न हो, तब तक ईमानदारी का चाबुक भी खामोश ही रहता है!

यह अंक भी पढ़ें – The Insiders: आरआरआर के शौकीन ‘जेन जी’ आईएएस, स्त्री 3 का ट्रेलर जारी, रसूख से रास्ता रोकते पूर्व आईएएस और दवा खरीदी के टेंडर की काली कमाई खपाते बेखौफ साहब 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button