राजस्थान में बदला मौसम, 16 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी; माउंट आबू में पारा 10 डिग्री

जयपुर
सर्दी की आहट के बीच नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से राजस्थान में शनिवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए हुए हैं। वहीं, कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश जारी है। मौसम विभाग ने भी शनिवार और रविवार को प्रदेश के कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, रविवार को भी 10 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 16 नवंबर से मौसम शुष्क होगा और तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर हावी होगा। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे।
राजस्थान में रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। माउंट आबू में भी सर्दी धीरे-धीरे असर दिखाने लगी है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। शुक्रवार सुबह तापमान में गिरावट के चलते सर्दी का खासा असर देखने को मिला। लोगों ने गर्म कपड़े पहनकर दिनचर्या शुरू की। वहीं, भ्रमणकारी भी सुबह गर्म कपड़ों में घूमते नजर आए। माउंट आबू के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान भी दो डिग्री गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
दस शहरों में 15 डिग्री से नीचे रहा रात का तापमान
प्रदेश में माउंट आबू के अलावा कई शहरों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, डबोक, सीकर, वनस्थली, सिरोही, फतेहपुर और नागौर में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इससे सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ने लगा है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
राजस्थान के छह जिलों में आज मौसम बदलने की संभावना है। बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र जयपुर ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
रविवार को इन जिलों में बारिश की चेतावनी
राजस्थान के 10 जिलों में रविवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने जोधपुर, नागौर, फलोदी, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन, चूरू, बीकानेर, सीकर और झुंझुनूं में मेघगर्जन व वज्रपात के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।



