मुख्यमंत्री ने अफसरों को दिया निर्देश- संवेदनशील व्यवहार के साथ करें पीड़ितों की सहायता

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह 'जनता दर्शन' में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार 'नर सेवा-नारायण सेवा' के भाव से जनसेवा कर रही है। ऐसे में अधिकारी सबकी समस्याओं का समाधान करते हुए जन कल्याण और नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाने के सरकार के संकल्प की पूर्ति करें। इसके अनुरूप हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
हर पीड़ित से मिले मुख्यमंत्री
'जनता दर्शन' के दौरान मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक खुद पहुंचे और एक-एक कर सबकी समस्याएं सुनीं। सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए संकल्पित है।
निर्बल को उजाड़ने वाले बख्शे न जाएं
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध कब्जा करने वाले, निर्बल लोगों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि जमीन जायदाद से जुड़ा विवाद पारिवारिक हो तो संबंधित पक्षों को बैठाकर आपसी संवाद से निस्तारण कराने का प्रयत्न करें। राजस्व व पुलिस से जुड़े मामलों को मुख्यमंत्री ने पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ निस्तारित करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होना चाहिए। संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए हर पीड़ित की मदद की जाए। जो लोग किन्हीं कारणों से सरकार की योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें इसका लाभ दिलाया जाए।
सीएम को देख मुस्कुराया मासूम, चॉकलेट पाकर खिलखिला उठा
जनता दर्शन में मां के साथ आए एक बच्चे से मुख्यमंत्री ने अपनत्व के साथ बातचीत की, इस पर मासूम मुस्कुराने लगा। मुख्यमंत्री ने उसे चॉकलेट दी तो खिलखिलाकर उसने तुरंत चॉकलेट ले ली। मुख्यमंत्री व बच्चे के बीच अत्यंत आत्मीय वार्तालाप सुनकर वहां मौजूद सभी लोग आनंदित हो उठे।



