वकीलों से मुलाकात की अनुमति चाहता है सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा केस में कोर्ट में लगाए तीन आवेदन

रायपुर
महादेव सट्टा मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर ने विशेष अदालत में तीन आवेदन पेश किए हैं। उसने जेल में हलफनामों पर हस्ताक्षर करने, वकीलों से मुलाकात की अनुमति देने और भविष्य में प्रोडक्शन वारंट या ट्रांजिट रिमांड जारी करने से पहले अपना पक्ष सुनने की मांग की है।
अदालत ने ईडी को जवाब दाखिल करने का समय देते हुए अगली सुनवाई 27 नवंबर तय की है।
सौरभ को दो दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। पूछताछ के दौरान ईडी ने उसकी कथित भूमिका, अन्य आरोपितों और गवाहों के बयान तथा वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों पर ध्यान दिया। एजेंसी के अनुसार, सट्टा नेटवर्क से अपराध की कुल कमाई 94 हजार करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान है।



