रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी, राजस्थान से दो नई लंबी दूरी की ट्रेनें शुरू

जयपुर
 राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने प्रदेश को एक साथ दो लंबी दूरी की नई ट्रेनों की सौगात दी है। इनमें जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस और बीकानेर (लालगढ़)-साबरमती एक्सप्रेस शामिल हैं। दोनों ट्रेनों को 21 जून को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंड़ी दिखाए। बीकानेर में मंत्री वैष्णव ट्रेन रवाना कर चुके हैं। दोपहर बाद खातीपुरा जयपुर पहुंचकर दूसरी ट्रेन को भी ग्रीन सिग्नल देंगे।

इन यात्रियों का सीधा फायदा
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि राजस्थान से नई ट्रेनों के शुरू होने से राजस्थान का सीधा रेल संपर्क बिहार, उत्तर प्रदेश और गुजरात के कई प्रमुख शहरों से और मजबूत होगा। इससे लाखों प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।

पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगी गति
यह ट्रेन राजस्थान में कार्यरत बिहार के प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगी। साथ ही, बिहार और राजस्थान के बीच पर्यटन एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। अब यात्रियों को अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। जयपुर (खातीपुरा) – दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस रेल सेवा देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ते हुए विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

जयपुर से दरभंगा तक अमृत भारत की रफ्तार
सीपीआरओं अमित सुदर्शन ने बताया कि भारतीय रेलवे की आधुनिक अमृत भारत एक्सप्रेस अब जयपुर (खातीपुरा) से दरभंगा के बीच दौड़ेगी। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और राजस्थान से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए किफायती एवं आरामदायक विकल्प बनेगी।

टाइम शेड्यूल जानें: खातीपुरा (जयपुर) – दरभंगा – खातीपुरा अमृत भारत एक्सप्रेस
इस रेलसेवा की नियमित गाडी संख्या 19725, खातीपुरा (जयपुर)- दरभंगा – खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस नई रेलसेवा दिनांक 22.जन 26 से खातीपुरा (जयपुर) से शुक्रवार को छोडकर सप्ताह में 6 दिन 22.30 बजे रवाना होकर तीसरे दिन रात 00.55 बजे दरभंगा पहुॅचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 19726, दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस नई रेलसेवा 23 जून से दरभंगा से रविवार को छोडकर सप्ताह में 6 दिन 4.30 बजे रवाना होकर अगले दिन 8.40 बजे खातीपुरा (जयपुर) पहुॅचेगी।

इस ट्रेन में यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाए
– आधुनिक और हाई स्पीड कोच।
– एलईडी लाइटिंग।
– मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट।
– डिजिटल सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली।
– स्वच्छ शौचालय।
– सीसीटीवी सुरक्षा व्यवस्था।
– बेहतर शयनयान एवं साधारण श्रेणी के कोच।

इस ट्रेन का ये रहेगा रूट
खातीपुरा, दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, आगरा ईदगाह, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड, कमतौल होते हुए दरभंगा पहुंचेगी।

कब चलेगी?
22 जून से नियमित संचालन, शुक्रवार छोड़कर सप्ताह में 6 दिन, खातीपुरा- जयपुर से रात 10:30 बजे प्रस्थान और तीसरे दिन 12:55 बजे दरभंगा आगमन।

बीकानेर से अहमदाबाद का सफर अब और आसान
सीपीआरओं अमित सुदर्शन ने बताया कि राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। बीकानेर (लालगढ़)-साबरमती एक्सप्रेस प्रतिदिन संचालित होगी और करीब 740 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।यह ट्रेन अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन, बनासकांठा और राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर तथा बीकानेर सहित कई जिलों को सीधी रेल सुविधा देगी।

बीकानेर (लालगढ़)-साबरमती एक्सप्रेस इस समय अनुसार चलेगी
इस रेलसेवा की नियमित गाडी संख्या 19407, साबरमती-लालगढ प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा दिनांक 22 जून से साबरमती से प्रतिदिन 17.55 बजे रवाना होकर अगले दिन 8.10 बजे लालगढ पहुॅचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 19408, लालगढ-साबरमती प्रतिदिन एक्सप्रेस रेलसेवा 23 जून से लालगढ से प्रतिदिन 21.05 बजे रवाना होकर अगले दिन 11.30 बजे साबरमती पहुॅचेगी।

प्रमुख ठहराव
साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीनमाल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़।

कोच संरचना
1 फर्स्ट एसी, 3 सेकंड एसी,5 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर, 4 जनरल सहित कुल 23 डिब्बों वाली यह ट्रेन विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

रेल मंत्री देंगे कई और परियोजनाओं की सौगात
नार्दन इस्टर्न रेलवे के सीपीआरओ अमित सर्दशन ने बताया कि राजधानी जयपुर से सटे एवं तेजी से विकसित हुए खातीपुरा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव मेगा कोचिंग टर्मिनल का भी शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा—41 छोटे एवं मध्यम स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म उन्नयन एवं विस्तार कार्य, 16 स्टेशनों पर एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली का भी लोकार्पण किया जाएगा।

अब जानिए क्या होगा इन दोनों नई ट्रेनों से सबसे बड़ा फायदा?
इन दोनों नई ट्रेनों के शुरू होने से राजस्थान के यात्रियों को बिहार, उत्तर प्रदेश और गुजरात तक सीधी, तेज और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। इससे रोजगार, शिक्षा, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलने के साथ प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी भी पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। बहरहाल, 21 जून राजस्थान के रेल इतिहास में एक यादगार दिन बनने जा रहा है, जब अमृत भारत की रफ्तार और नई एक्सप्रेस सेवा प्रदेश के विकास की नई पटरी बिछाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button