सिंहस्थ 2028 से पहले बलवाड़ा तक रेल पहुंचाने की तैयारी, रेलवे ने तेज किए प्रयास

खंडवा,ओंकारेश्वर
 सिंहस्थ 2028 से पहले ओंकारेश्वर की रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में रेलवे ने प्रयास तेज कर दिए हैं। पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विन कुमार ने ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।उन्होंने संकेत दिए कि वर्ष 2026 समाप्त होने से पहले खंडवा से ओंकारेश्वर रोड तक यात्री ट्रेन संचालन शुरू करने का प्रयास है। स्टेशन का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और शेष तैयारियां जल्द पूरी करने की कोशिश की जा रही है। ओंकारेश्वर स्टेशन तक वे ट्रेन के इंजन में सवार होकर पहुंचे।

यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया
डीआरएम ने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ रेलवे के क्षेत्रीय अधिकारी अजीत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुराने स्टेशन को हटाकर नए स्टेशन का निर्माण किया जा चुका है। अब यात्री सेवा शुरू करने के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

वर्तमान में खंडवा से सनावद तक ट्रेनें चल रही हैं
वर्तमान में खंडवा से सनावद तक ट्रेनें चल रही हैं। रेलवे की योजना इस सेवा को ओंकारेश्वर रोड तक विस्तारित करने की है। हालांकि ट्रेनों की संख्या, समय-सारणी और मौजूदा ट्रेनों के विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय होना बाकी है। डीआरएम निरीक्षण के बाद स्पेशल इंजन से सनावद पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद किया। इसके बाद वे खंडवा रवाना हुए।

बलवाड़ा तक पहुंचने में पहाड़ और जंगल चुनौती
रेलवे का लक्ष्य सिंहस्थ 2028 से पहले बलवाड़ा तक ट्रेन पहुंचाने का भी है। हालांकि ओंकारेश्वर रोड से आगे महू-अंबेडकर नगर की दिशा में पहाड़ी क्षेत्र, सुरंग निर्माण और वन भूमि से जुड़ी अनुमतियां बड़ी चुनौती हैं। पेड़ों की कटाई के बदले प्रतिपूरक वनीकरण सहित पर्यावरणीय प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होंगी।

नर्मदा पुल का काम महत्वपूर्ण
रेल परियोजना के तहत नर्मदा नदी पर पुल निर्माण भी अहम पड़ाव है। पुल के पिलर तैयार किए जा चुके हैं और स्टील गर्डर लगाने का काम आगे बढ़ रहा है। वहीं, खंडवा-अकोला रेलखंड पर ट्रायल गतिविधियों से भी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
खंडवा से ओंकारेश्वर रोड तक यात्री ट्रेन शुरू होने से ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। खंडवा के माध्यम से महाराष्ट्र सहित दूसरे क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों का रेल संपर्क बेहतर हो सकता है। पत्रकारों के नासिक-त्र्यंबकेश्वर के लिए सीधी ट्रेन की संभावना संबंधी सवाल पर डीआरएम ने भविष्य में विभिन्न स्थानों से ट्रेन संचालन की संभावनाओं पर काम करने की बात कही।

सिंहस्थ 2028 में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेल कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण है। फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता खंडवा से ओंकारेश्वर रोड तक यात्री सेवा शुरू करना है। हालांकि वर्ष के अंत तक संचालन शुरू होने की संभावना रेलवे के प्रयासों पर निर्भर करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button