पचमढ़ी मानसून मैराथन 2026 का सफल आयोजन, देश-विदेश के धावकों ने दिखाया दमखम

वर्ष 2018 से आयोजित यह मैराथन प्रदेश में मानसून एडवेंचर टूरिज्म और 'फिट इंडिया' अभियान को बढ़ावा दे रही

पचमढ़ी | सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी की सुरम्य वादियों में मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड एडवेंचर द्वारा आयोजित 8वीं पचमढ़ी मानसून मैराथन-2026 का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। मैराथन का शुभारंभ नर्मदापुरम लोकसभा सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर (फ्लैग ऑफ) किया। इस मैराथन में भारत के विभिन्न राज्यों व विदेशों से आए लगभग 1,800 प्रतिभागियों ने 5 किमी, 10 किमी, 21 किमी (हाफ) तथा 42 किमी (फुल मैराथन) श्रेणियों में दौड़ लगाकर फिटनेस और प्रकृति प्रेम का अद्भुत परिचय दिया।

मुख्य आयोजक विनीत कुमार यादव व सहयोगी अशोका मांडले ने बताया कि वर्ष 2018 से आयोजित यह मैराथन प्रदेश में मानसून एडवेंचर टूरिज्म और ‘फिट इंडिया’ अभियान को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय होटल व पर्यटन व्यवसाय को संबल प्रदान कर रही है। आयोजन के दौरान एमपीटी के रीजनल मैनेजर आलोक श्रीवास्तव ने ग्लेन व्यू रिसॉर्ट में पौधारोपण किया, वहीं टाइगर ज़ोन की फील्ड डायरेक्टर सुश्री राखी नंदा ने पचमढ़ी को ‘पॉलीथिन मुक्त क्लीन एंड ग्रीन’ बनाने का संकल्प दिलाया।

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में महिला वर्ग से केशवी मालवीया, आन्या जैन, दीपिका शर्मा, पल्लवी सिंह तथा पुरुष वर्ग से विधान ओसारे, अरशद ख़ान, विवेक राणा, रिंकू थापा आदि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन पर विजेताओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button