मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल जिले में कलश वंदन यात्रा का किया शुभारंभ

भोपाल 

सहकारिता, खेल और युवा कल्याण मंत्री  विश्वास कैलाश सारंग ने गुरुवार को संत शिरोमणि  गुरु रविदास महाराज की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर नरेला विधानसभा के अन्ना नगर स्थित संत रविदास मंदिर से भोपाल जिले के कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ किया। मंत्री  सारंग ने कहा कि यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के पुण्य विचारों, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अनेक स्थानों पर यात्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत करते हुए पूजा अर्चना की और आरती उतारी। इस अवसर पर महापौर मालती राय,  जसवंत सिंह हाड़ा,  रविंद्र यति,  प्रदीप शेखावत,  मुकेश राय, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित अन्य विशिष्ट जन उपस्थित रहे।

मंत्री  विश्वास सारंग ने कहा कि संत शिरोमणि  गुरु रविदास महाराज के पुण्य विचार और उनका आदर्श जीवन आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया तथा समाज की एकता के लिए आजीवन संघर्ष किया।

 सारंग ने कहा कि संत रविदास महाराज ने सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव के विरुद्ध आवाज उठाकर समाज को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी सामाजिक समरसता और एकता की नींव को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।

मंत्री  सारंग ने कहा कि सरकार ने संत रविदास महाराज के विचारों और उनके योगदान का सम्मान करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का निरंतर कार्य किया है। सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के उत्थान और सम्मान के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर आरती उतारी

यात्रा का विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया। जनता क्वार्टर, आचार्य नरेंद्र देव नगर, रुपनगर, पंजाबी बाग, 80 फिट रोड, विजय नगर सहित अनेक स्थानों पर यात्रा का श्रद्धालुओं ने स्वागत करते हुए पूजा अर्चना की और आरती उतारी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button