त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में फूड सेफ्टी अभियान तेज, 37 सैंपल लिए; 131 किलो एक्सपायर्ड सामान जब्त

नई दिल्ली
रक्षाबंधन के साथ शुरू हो रहे त्योहारी सीजन से पहले दिल्ली में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर मिठाई बनाने वाली यूनिट, मंडियों, बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों में अभियान चलाकर जांच की जा रही है। अभियान के दौरान करीब 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट की गई। वहीं, पनीर, खोया, घी, मिठाइयों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के 37 सैंपल लिए गए हैं।
क्या था पूरा मामला
दरअसल, फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने ओखला, बादली, निहाल विहार और नरेला में मिठाई निर्माण इकाइयों के अलावा ओखला सब्जी मंडी और घंटाघर सब्जी मंडी समेत कई संवेदनशील इलाकों में जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में दूध, पनीर, खोया, घी और मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण इन उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जा रही है। अभियान के दौरान करीब 131 किलो एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिली। इसमें खोया, बेसन और आटा शामिल था। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और मानक के तहत 37 सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा है।
दूध से बने प्रोडक्ट पर फोकस
डॉ पंकज सिंह ने कहा दिल्ली के नागरिकों की सेहत और सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। त्योहारों सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिया गया है कि वह पूरे शहर में कड़ी निगरानी रखने के साथ सख्ती से जांच और सैंपलिंग सुनिश्चित करे। डेयरी और दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों और ज्यादा मांग वाली अन्य खाद्य वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।



