द इनसाइडर्स स्पेशल: हरदा नगर पालिका ने दोगुनी कीमत पर फिनायल खरीदा, घोटाले की ईओडब्ल्यू ने शुरू की जांच
- बाजार कीमत से करीब दोगुनी कीमत में खरीदे हैं मड पंप, फिनायल समेत अन्य सामग्री

हरदा | हरदा नगर पालिका परिषद में लाखों रुपए के फिनायल, मड पंप समेत अन्य खरीदी घोटाला हुआ है। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्यू) ने घोटाले की शिकायत दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
घोटाले की शिकायत हरदा नगर पालिका की भाजपा पार्षद अनिता अशोक राठौर ने शिकायत की थी। इस मामले में हरदा नगर पालिका के आधा दर्जन से अधिक भाजपा पार्षदों ने जिला प्रशासन से भी शिकायत की थी। जिसमें प्रथम दृष्टया घोटाला होना पाया गया है। जिला प्रशासन ने इस घोटाले की जांच रिपोर्ट सरकार को कार्रवाई के लिए भेज दी है। सूत्रों के मुताबिक इस मामले में ईओडब्ल्यू हरदा नगर पालिका के सीएमओ कमलेश पाटीदार को तलब कर पूछताछ कर सकती है।
34 लाख के पंप 52 लाख रुपए में खरीदे
भाजपा पार्षद राठौर ने ईओडब्ल्यू में की गई शिकायत में बताया है कि सीएमओ पाटीदार के कार्यकाल में लाखों रुपए के फिनायल की खरीदी की गई है। इस खरीदी में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। फिनायल को बाजार मूल्य से दोगुना कीमत पर खरीदा गया है। इसी तरह नगर पालिका ने तीन मड पंप मय ट्रैक्टर के खरीदे हैं। बाजार में तीन मड पंपों की कीमत मय ट्रैक्टर करीब 34 लाख रुपए होती है। जिसका कोटेशन भी शिकायत में लगाया है। लेकिन हरदा नगर पालिका ने करीब 52 लाख रुपए में यह मड पंप खरीदे हैं। इससे नगर पालिका को करीब 18 लाख रुपए की हानि हुई है। राठौर के मुताबिक इस मामले में जिला प्रशासन ने भी जांच कराई थी। जांच में भारी अनियमितता पाई गई है। इसकी जांच रिपोर्ट भी शिकायत के साथ लगाई गई है।
यह भी पढ़ें : द इनसाइडर्स: हाथी की मौतों से मूछों पर तेल लगाना भूले अफसर, चमची अफसर का रंगीन कारनामा
पार्षद के बयान दर्ज, रिकॉर्ड भी किया जब्त
ईओडब्ल्यू ने इस शिकायत के आधार पर शिकायतकर्ता भाजपा पार्षद राठौर के बयान भी दर्ज कर लिए हैं। इसके लिए शिकायतकर्ता को नोटिस देकर ईओडब्ल्यू ने राजधानी तलब किया था। साथ ही हरदा नगर पालिका से पूरी खरीदी का रिकॉर्ड बुलाकर भी जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें : गांजे की शौकीन मैडम दे रही कलेक्टर को सलाह, आईएएस अफसर का कमीशन चोरी कर रहा जूनियर