मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने दिए निर्देश, विभागों को वेतन समय पर जारी करने को कहा, 2 से 4 मार्च तक छुट्टी

लखनऊ 

यूपी के सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर आई है. योगी आदित्यनाथ ने साफ निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के सभी कर्मचारियों का वेतन होली से पहले उनके खातों में पहुंच जाना चाहिए. इतना ही नहीं, आउटसोर्सिंग, संविदा और सफाईकर्मियों सहित हर श्रेणी के कर्मियों को भी समय से भुगतान सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वेतन वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. 

तीन दिन का अवकाश, पहले आएगी सैलरी

प्रदेश सरकार ने होली के अवसर पर छुट्टी का भी ऐलान कर दिया है. 2, 3 और 4 मार्च को होली का अवकाश रहेगा. इसके अलावा 3 मार्च 2026 को सभी कर्मचारियों को अवकाश मिलेगा. वहीं, 28 फरवरी 2026 (शनिवार) को कार्यदिवस घोषित किया गया है, ताकि कार्य व्यवस्था संतुलित बनी रहे. सरकार का मानना है कि त्योहार के दौरान कर्मचारियों को मानसिक सुकून और पारिवारिक समय मिलना चाहिए. वेतन समय से मिल जाने से बाजारों में रौनक बढ़ेगी और खरीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा. एक मार्च को रविवार है ऐसे में इसको भी जोड़ लिया जाए तो चार दिन की छुट्टी मिल रही है. 

यात्रियों के लिए विशेष तैयारी
होली के मौके पर घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं. 28 फरवरी से 9 मार्च तक अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर दिल्ली और गाजियाबाद से आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है. परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि जिन रूटों पर प्रारंभिक प्वाइंट से 60 प्रतिशत यात्री लोड मिलेगा, वहां तुरंत अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी. अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शत-प्रतिशत निगम बसें सड़कों पर रहें. अनुबंधित बसों के कर्मियों को पर्व अवधि में अवकाश नहीं दिया जाएगा, ताकि सेवा प्रभावित न हो. वाहन स्वामियों को भी निर्देशित किया गया है कि मरम्मत कार्य समय से पूरा कर बसें संचालन के लिए उपलब्ध कराएं.

सुरक्षा पर विशेष जोर
त्योहार के दौरान सड़क दुर्घटनाओं और जाम की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है. प्रवर्तन दल लगातार सक्रिय रहेंगे. चालकों और परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा, ताकि नशे की हालत में वाहन संचालन की संभावना खत्म की जा सके. बसों की तकनीकी स्थिति की भी सघन जांच होगी. सीटें दुरुस्त हों, खिड़कियों के शीशे सही हालत में हों और फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध हों  यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. बस स्टेशनों और बसों में स्वच्छता व्यवस्था पर भी खास ध्यान दिया जाएगा.

कर्मचारियों के लिए विशेष प्रोत्साहन
होली के दौरान अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है. प्रतिदिन औसतन 300 किलोमीटर संचालन करने पर 360 रुपये प्रतिदिन की दर से कुल 3600 रुपये दिए जाएंगे. यदि कोई चालक या परिचालक 10 दिन की पूर्ण ड्यूटी कर निर्धारित मानक पूरा करता है तो उसे 450 रुपये प्रतिदिन की दर से 4500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि मिलेगी. निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर चलाने पर प्रति किलोमीटर 55 पैसे अतिरिक्त मानदेय भी दिया जाएगा. डिपो और क्षेत्रीय कार्यशालाओं में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. 10 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 2100 रुपये और 9 दिन ड्यूटी करने पर 1800 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे.

उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
सरकार ने यह भी तय किया है कि पर्व अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को अतिरिक्त सम्मान दिया जाएगा. क्षेत्रीय समिति की संस्तुति पर विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी. सर्वाधिक आय प्रति बस अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और सेवा प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा. साथ ही 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को भी उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button