बच्चों की सुरक्षा के लिए जयपुर के 50 स्कूलों में तैयार होंगे प्रशिक्षित शिक्षक, पॉक्सो जागरूकता पर जोर

जयपुर
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत विद्यालय-स्तरीय क्षमता निर्माण एवं निरंतर संवेदीकरण के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय द्वारा चयनित सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों के लिए शुक्रवार 20 नवंबर को एडीआर सेंटर जयपुर में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

पल्लवी शर्मा (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय) ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत चयनित लगभग 50 सरकारी एवं निजी विद्यालयों से नामित कुल 79 शिक्षकों (यथासंभव एक पुरुष एवं एक महिला शिक्षक) को प्रशिक्षित किया गया है। सभी प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में बाल सुरक्षा, पॉक्सो जागरूकता एवं विधिक साक्षरता के लिए  रिसोर्स पर्सन डीएलएसए मेट्रो-II के रूप में कार्य कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा संवेदनशील मामलों की समयबद्ध मॉनिटरिंग एवं रिपोर्टिंग के लिए सक्षम बनाना है।  

सत्र के दौरान मुख्य वक्ता  विकास कुमार खंडेलवाल (विशिष्ट न्यायाधीश, पॉक्सो एक्ट, जयपुर महानगर-द्वितीय) ने पॉक्सो अधिनियम के मूलभूत प्रावधानों, बच्चों को प्राप्त विधिक संरक्षण तथा बाल-मित्रवत न्यायिक सिद्धांतों पर विस्तार से जानकारी दी।  खण्डेलवाल ने कहा कि किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में बच्चे की पहचान की गोपनीयता एवं निजता बनाए रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है।

सु शांति भटनागर (कार्यवाहक अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति) ने संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सी.डब्ल्यू.सी की भूमिका समझाते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध या गंभीर मामले में पुलिस/विशेष किशोर पुलिस इकाई, बाल कल्याण समिति और डीएलएसए के साथ किस प्रकार त्वरित समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए। डॉ. पूनम गर्ग (बाल परामर्शदाता) द्वारा बच्चों के साथ आयु-अनुरूप संवाद, व्यक्तिगत एवं शारीरिक सुरक्षा, ’सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श’ की पहचान तथा सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित करने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।

प्रशिक्षण सत्र में ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, तकनीक-जनित जोखिमों और सेक्सटॉर्शन जैसे समसामयिक खतरों से बच्चों को बचाने के उपायों पर भी विशेष चर्चा की गई।

कार्यक्रम में  जनार्दन कुमार आत्रेय, चीफ, एल.ए.डी.सी., जयपुर महानगर द्वितीय,  अमित कुमार जैन, डिप्टी, एल.ए.डी.सी. जयपुर महानगर द्वितीय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय कर्मचारीगण तथा विभिन्न विद्यालयों से शिक्षकगण उपस्थित रहे तथा मंच संचालन शालू सरोज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर द्वितीय द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button