बिलासपुर से जयपुर तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग, सीकर होकर रेल सेवा शुरू करने की अपील

बिलासपुर से सीकर होते हुए जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग
छत्तीसगढ़, ओड़िशा और झारखंड के नागरिकों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा ज्ञापन
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सहित प्रदेश के जनप्रतिनिधियों को भी सौंपा जाएगा ज्ञापन
बिलासपुर
छत्तीसगढ़, ओड़िशा और झारखंड में निवासरत राजस्थान मूल के नागरिकों ने बिलासपुर से सीकर होते हुए जयपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव को पत्र एवं ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजकर इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है। साथ ही केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू तथा छत्तीसगढ़ के अन्य जनप्रतिनिधियों और जननेताओं को भी इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जा रहा है, ताकि इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा की मांग को केंद्र एवं राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
सेवा निवृत अधिकारी पी के हारीत एवँ अन्य जागरूक नागरिकों ने रेल मंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि ओड़िशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों, कस्बों और गांवों में राजस्थान एवं हरियाणा मूल के लोग पिछले तीन-चार पीढ़ियों से निवासरत हैं। इन समुदायों ने अपनी कर्मभूमि के रूप में इन राज्यों को अपनाया है और यहां की सामाजिक, आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद उनका अपनी मातृभूमि से भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से राजस्थान आते-जाते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से इस पूरे क्षेत्र से शेखावाटी अंचल और जयपुर के लिए सीधी रेल सुविधा उपलब्ध नहीं है।
ज्ञापन में रेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा गया है कि आप स्वयं राजस्थान के जोधपुर से हैं और आपकी सार्वजनिक सेवा का एक महत्वपूर्ण समय ओड़िशा में बीता है। इस दृष्टि से आप इन दोनों क्षेत्रों के सामाजिक और भावनात्मक संबंधों को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। अब भारतीय रेल के प्रमुख के रूप में आपके कार्यकाल में इस लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता पर सकारात्मक पहल की अपेक्षा है।
दिल्ली-रेवाड़ी-लोहारू-चूरू-सीकर रेल मार्ग से जुड़ेंगे अनेक महत्वपूर्ण शहर
प्रस्तावित रेल सेवा का मार्ग पुरी, भुवनेश्वर, टिटलागढ़, रांची, रायगढ़, रायपुर और बिलासपुर होते हुए दिल्ली, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू, सूरजगढ़, चिड़ावा, झुंझुनूं, नवलगढ़, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़, सरदारशहर, सीकर, बीकानेर, जयपुर, रींगस और अजमेर तक निर्धारित किए जाने का सुझाव दिया गया है।
इस रेल मार्ग से शेखावाटी क्षेत्र के अनेक महत्वपूर्ण शहरों और कस्बों को सीधा रेल संपर्क मिल सकेगा। वर्तमान में सीकर, फतेहपुर, लक्ष्मणगढ़, रामगढ़ शेखावाटी, बिसाऊ, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़ और सरदारशहर जैसे महत्वपूर्ण नगरों के लिए जयपुर होकर यात्रा करना पड़ता है, जिससे यात्रियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। प्रस्तावित रेल सेवा से यात्रा का समय और असुविधा दोनों कम होंगे।
धार्मिक पर्यटन को भी मिलेगा बड़ा प्रोत्साहन
इस रेल मार्ग का एक महत्वपूर्ण पक्ष शेखावाटी अंचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों से जुड़ा है। राणी सती दादी (झुंझुनूं), सालासर बालाजी, करणी माता (देश्नोक), जीणमाता, शाकंभरी माता, लोहागर जी, खाटूश्यामजी, बाबा रामदेव और गोगामेड़ी जैसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर छत्तीसगढ़, ओड़िशा और झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सीधी रेल सेवा उपलब्ध होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
मौजूदा ट्रेनों के विस्तार और नई रेल सेवा का भी सुझाव
ज्ञापन में बिलासपुर से बीकानेर तथा भगत की कोठी (जोधपुर) के लिए वर्तमान में सप्ताह में दो-दो दिन चलने वाली ट्रेनों को दैनिक किए जाने की मांग भी उठाई गई है। इसके अतिरिक्त सुझाव दिया गया है कि सप्ताह में तीन दिन इन ट्रेनों को पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, कटनी, दिल्ली, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, लोहारू और चूरू होते हुए बीकानेर एवं भगत की कोठी तक चलाया जा सकता है। इससे यात्रियों को एक वैकल्पिक और उपयोगी रेल मार्ग उपलब्ध होगा।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस व्यापक रेल गलियारे पर पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ अन्य क्षेत्रों से रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। सियालदह से दुरंतो सहित कोलकाता, मुंबई और दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों से इस दिशा में रेल संपर्क मौजूद है। प्रयागराज से लालगढ़ (बीकानेर) के लिए भी दैनिक रेल सेवा उपलब्ध है। इसके बावजूद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) और दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) से जुड़े छत्तीसगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए इस मार्ग पर कोई सीधी रेल सेवा नहीं होना आश्चर्यजनक है।
रेल सुविधा के साथ क्षेत्रीय विकास का भी सवाल
यह मांग केवल राजस्थान जाने वाले यात्रियों की सुविधा तक सीमित नहीं है। इससे छत्तीसगढ़, ओड़िशा और झारखंड के औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों का राजस्थान और हरियाणा के साथ संपर्क मजबूत होगा। व्यापार, रोजगार, सामाजिक संबंधों और धार्मिक पर्यटन को भी इसका लाभ मिलेगा। साथ ही जयपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम करने में भी यह रेल सेवा सहायक हो सकती है।
ज्ञापन के माध्यम से रेल मंत्री से आग्रह किया गया है कि यात्रियों की वास्तविक जरूरत, तीन राज्यों में बसे लाखों राजस्थान मूल के नागरिकों के पारिवारिक-सामाजिक संबंधों तथा प्रस्तावित मार्ग की व्यापक उपयोगिता को देखते हुए इस रेल सेवा की व्यवहार्यता का परीक्षण करवाकर शीघ्र आवश्यक निर्णय लिया जाए।
इस मांग को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के उद्देश्य से केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जनप्रतिनिधियों और जननेताओं को भी ज्ञापन सौंपा जा रहा है, ताकि इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा को स्वीकृति दिलाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें।



