साक्षरता शिविर में बच्चों को किया जागरूक, बताए कानूनी अधिकार और सुरक्षा के तरीके

रायपुर.

बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को रायपुर जिले में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में करीब 550 बच्चों को विभिन्न कानूनी जानकारियां दी गईं।

शिविर का आयोजन रायपुर क्षेत्र के तीन शैक्षणिक संस्थानों में किया गया। इनमें रायपुर कॉन्वेंट एचआर सेकेंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शामिल रहे। कार्यक्रम में अधिकार मित्रों ने बच्चों को नालसा (राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण) एवं सालसा (राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

गुड टच-बैड टच और पॉक्सो कानून की दी जानकारी
शिविर में बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाते हुए बताया गया कि किसी भी असहज या गलत व्यवहार की स्थिति में उन्हें चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देनी चाहिए। साथ ही पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के प्रावधानों और बाल सुरक्षा के कानूनी अधिकारों से अवगत कराया गया।

बाल विवाह और नशे के खिलाफ किया जागरूक
नालसा आशा (ASHA) अभियान के तहत बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने और बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया गया। वहीं नालसा DAWN योजना के अंतर्गत बच्चों को नशे के दुष्परिणामों, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के संबंध में जानकारी दी गई।

सड़क सुरक्षा और निःशुल्क कानूनी सहायता पर चर्चा
कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा के महत्व को बताते हुए यातायात नियमों, मोटर वाहन अधिनियम, वाहन बीमा और सड़क दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाले मुआवजे के अधिकारों की जानकारी दी गई। इसके अलावा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया समझाई गई। बच्चों को बताया गया कि कानूनी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है और पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा भी मिलती है। इस आयोजन में अधिकार मित्र शिवानी शुक्ला, निर्मला साहू एवं राजकुमारी साहू ने बच्चों को विभिन्न कानूनी विषयों पर जागरूक किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button