कार्डिफ में गिल की टीम का मिशन, इंग्लैंड के खिलाफ जीत

कार्डिफ
पहले वनडे मुकाबले में 6 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद, शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम गुरुवार, 16 जुलाई को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा वनडे मैच खेलने उतरेगी। तीन मैचों की इस सीरीज में भारत फिलहाल 1-0 से आगे है। टी20 सीरीज में 4-0 से करारी शिकस्त झेलने के बाद, वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने जिस तरह से वापसी की है, उससे टीम इंडिया के हौसले सातवें आसमान पर हैं। आज का मैच जीतकर भारतीय टीम सीरीज को यहीं सील करना चाहेगी, जबकि इंग्लैंड के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा होगा।
कब और कहां देख सकते हैं लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग?
भारत और इंग्लैंड के बीच इस दूसरे वनडे मुकाबले आज यानी कि 16 जुलाई को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से खेला जाएगा। इस मैच का आयोजन सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में किया जाएगा। बता दें कि इस मैच का लाइव प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जो फैंस इस मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग देखना चाहते हैं, वे जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर इसका आनंद ले सकते हैं।
टीम इंडिया के लिए है अच्छी खबर?
भारतीय टीम की बात करें तो, पहले मैच में 80 रनों की शानदार पारी खेलने वाले कप्तान शुभमन गिल को लेकर राहत की खबर है। पहले वनडे में वे क्रैम्प्स की वजह से रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट हैं। गेंदबाजी में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने पिछले मैच में 4 विकेट लेने के साथ नाबाद अर्धशतक जड़ा था, वहीं वाशिंगटन सुंदर ने भी अपने वनडे करियर की पहली फिफ्टी लगाई थी। टीम के लिए एकमात्र चिंता तेज गेंदबाज गुरनूर ब्रार की फिटनेस है, अगर वे अनफिट होते हैं तो उनकी जगह अर्शदीप सिंह को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है। दूसरी ओर हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लिश टीम को लॉर्ड्स में होने वाले तीसरे मैच को निर्णायक बनाने के लिए आज हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इंग्लैंड की टीम अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में सुधार कर भारतीय टीम को चुनौती देने की कोशिश करेगी।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, वाशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर ब्रार/अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल राशिद।



