ग्लोबल स्किल पार्क अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए भी बन रहा है अत्याधुनिक कौशल प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र : मंत्री टेटवाल

भोपाल 

कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  गौतम टेटवाल ने कहा है कि संत शिरोमणि  रविदास ग्लोबल स्किल पार्क प्रदेश के युवाओं के साथ अन्य राज्यों के विद्यार्थियों को भी विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है । संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क आज राष्ट्रीय स्तर पर आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है, जहाँ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अत्याधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों द्वारा अपने विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए एसएसआर ग्लोबल स्किल्स पार्क का चयन किया जाना मध्यप्रदेश की गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और बढ़ती राष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है।

संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क (एसएसआरजीएसपी) में निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बेंगलुरु के बी.टेक. द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के मैकेनिकल तथा इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 15 दिवसीय इंडस्ट्री 4.0 आधारित तकनीकी प्रशिक्षण एवं स्किल एन्हांसमेंट इंटर्नशिप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। एक जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों का अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन एडवांस्ड एयर कंडीशनिंग एंड रेफ्रिजरेशन (एचवीएसी) विभाग के कोर्स हेड  दीपक राय के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक कक्षा शिक्षण से आगे बढ़ाकर उद्योगों में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था।

तीन दशकों से अधिक समय से उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा के लिए प्रतिष्ठित निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बेंगलुरु द्वारा अपने विद्यार्थियों की इंटर्नशिप एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए एसएसआर ग्लोबल स्किल्स पार्क का चयन किया जाना संस्थान की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना तथा उद्योगोन्मुख कौशल विकास मॉडल की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।

प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को एडवांस्ड एचवीएसी एवं रेफ्रिजरेशन, इंडस्ट्रियल इलेक्ट्रिकल सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), स्मार्ट ऑटोमेशन, माइक्रोकंट्रोलर, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सीसीटीवी सिस्टम, प्लम्बिंग, इंडस्ट्रियल वेल्डिंग, प्रिसीजन इंजीनियरिंग, सीएनसी मैन्युफैक्चरिंग, मेट्रोलॉजी, सीएएम, ईडीएम, फायर फाइटिंग सिस्टम तथा टीम बिल्डिंग एवं लाइफ स्किल्स जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने सेंसर, माइक्रोकंट्रोलर, वायरलेस कम्युनिकेशन एवं क्लाउड डैशबोर्ड का उपयोग करते हुए आईओटी आधारित प्रोटोटाइप विकसित किए, वहीं मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने एचवीएसी सिस्टम, सीएनसी मशीनिंग, सीसीटीवी इंस्टॉलेशन, प्लम्बिंग, पाइप जॉइनिंग, प्रेशर टेस्टिंग तथा शील्डेड मेटल आर्क वेल्डिंग (एसएमएडब्ल्यू) जैसी औद्योगिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अभ्यास किया।

प्रशिक्षण पूर्ण होने पर विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जिन तकनीकों का अध्ययन उन्होंने अब तक केवल पुस्तकों और कक्षा शिक्षण के माध्यम से किया था, उन्हें अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में स्वयं कार्य कर समझने और सीखने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने भविष्य में भी एसएसआर ग्लोबल स्किल्स पार्क में उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छा व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन 15 जुलाई को आयोजित वैलेडिक्टरी समारोह के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह में मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा, कोर्स हेड  दीपक राय, एमईपी के कोर्स हेड  विशाल वास्तव, निट्टे मीनाक्षी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. एन. कपिलन तथा सहायक प्रोफेसर डॉ. के. विनोद कुमार उपस्थित रहे। ऑनलाइन माध्यम से निट्टे एजुकेशन ट्रस्ट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. संदीप शास्त्री, ट्रस्टी  रोहित पुंजा, वाइस प्रिंसिपल डॉ. जे. सुधीर रेड्डी, विभागाध्यक्ष डॉ. रमेश बाबू एन. तथा विभागाध्यक्ष डॉ. समन्विता भी समारोह से जुड़े।

एसएसआर ग्लोबल स्किल्स पार्क द्वारा प्रदान किया जा रहा यह उद्योगोन्मुख प्रशिक्षण न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देशभर के युवाओं को आधुनिक तकनीकों से दक्ष बनाकर रोजगार एवं उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में स्थापित हो रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button