23 लाख छात्रों पर असर: NEET UG 2026 फिर से कराने का फैसला

नीट पेपर लीक कांड पर जिसका डर था, वही हो गया है. जी हां, नीट यूजी परीक्षा यानी NEET UG 2026 परीक्षा रद्द हो गई है. NTA ने नीट पेपर लीक कांड के बाद बड़ा फैसला लिया है. अब नीट यूजी 2026 की परीक्षा दोबारा होगी. इतना ही नहीं, मामले की तफ्तीश के लिए केंद्रीय जांच एजेंसी CBI की इंट्री होगी. अब जब नीट परीक्षा रद्द हो गई है तो ऐसे में सबके मन में सवाल होगा कि अब आगे क्या, आखिर परीक्षा कब होगी, क्या छात्रों को फिर से आवेदन करना होगा, क्या पुराना रजिस्ट्रेशन मान्य होगा? चलिए जानते हैं इन सभी सवालों के जवाब.

सबसे पहले नीट यूजी 2026 परीक्षा के फैसले को समझते हैं. एनटीए (NTA) ने 3 मई 2026 को हुई NEET UG परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है. केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया है. पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बीच यह बड़ा एक्शन हुआ है. एनटीए का कहना है कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी नहीं रखा जा सकता था. एनटीए ने साफ कहा है कि फिर से परीक्षा होगी. हालांकि, अभी नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है.

क्यों नीट परीक्षा रद्द हुई?
पेपर लीक कांड के चलते यह केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NTA ने 3 मई 2026 को हुई NEET-UG परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया.

कब होगी नीट यूजी 2026 की परीक्षा?
एनटीए ने नई तारीख की घोषणा नहीं की. एनटीए का कहना है कि नई परीक्षा तारीख और एडमिट कार्ड शेड्यूल जल्द जारी होगा.

पेपर लीक कांड की जांच सीबीआई करेगी
दरअसल, पेपर लीक केस पर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले की व्यापक जांच अब CBI को सौंपी गई है.

क्या छात्रों का पुराना रजिस्ट्रेशन मान्य होगा?
एनटीएन ने साफ कर दिया है कि भले ही नीट परीक्षा रद्द हो गई हो, मगर छात्रों का पुराना रजिस्ट्रेशन मान्य रहेगा. इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र विकल्प भी मान्य रहेंगे.

क्या फिर से आवेदन करने की है जरूरत?
एनटीए का कहना है कि दोबारा परीक्षा के लिए नया आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी.

क्या फिर से एग्जाम फी लिया जाएगा?
नहीं, नीट एग्जाम के अभ्यर्थियों को फिर से फीस देने की जरूरत नहीं होगी. एनटीए के मुताबिक, छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा. पहले जमा की गई फीस छात्रों को वापस की जाएगी.

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की.

एजेंसी ने कहा कि संशोधित शेड्यूल, एडमिट कार्ड और परीक्षा संबंधी अन्य जानकारियां जल्द ही आधिकारिक रूप से साझा की जाएंगी. तब तक उम्मीदवारों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा से जुड़ी अपडेट्स के लिए केवल NTA के आधिकारिक चैनलों पर ही भरोसा करें.

कितने स्टूडेंट्स हुए थे एग्जाम में शामिल?
यह परीक्षा 3 मई रविवार को देशभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में इस वर्ष लगभग 23 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. एजेंसी ने कहा कि यह निर्णय भारत सरकार की मंजूरी के बाद लिया गया है. एजेंसी के अनुसार, 8 मई 2026 को परीक्षा से जुड़े मामलों को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था. केंद्रीय एजेंसियों ने इस संबंध में जानकारी साझा की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button